दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा हैं कि राजधानी की चार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों -आईटीआई में नई अत्याधुनिक लैब्स स्थापित की जाएंगी तथा मौजूदा लैब्स को आधुनिक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली के आईटीआई में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि आईटीआई जहांगीर पुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह लैब पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल कंट्रोल सिस्टम, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगी। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक इलेक्ट्रिकल और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स प्रणाली के संचालन, खराबी की पहचान और रखरखाव का व्यापक व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। वही, मुख्यमंत्री के अनुसार इसी कड़ी में आईटीआई हरि नगर में वेल्डर लैब का व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस लैब में उन्नत वेल्डिंग मशीनें, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं और आधुनिक निर्माण उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा आईटीआई मयूर विहार में एक नया ईवी लैब स्थापित किया जाएगा। साथ ही आईटीआई निजामुद्दीन में ऑटोमोटिव सेक्टर की लैब्स को आधुनिक बनाया जाएगा।