जुलाई 9, 2026 8:45 अपराह्न

printer

कोल्ड चेन स्टोरेज के मानकों का उल्लंघन करने पर दिल्ली सरकार ने जब्त किए 31,700 से अधिक ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन

दिल्‍ली सरकार ने आज एक विशेष अभियान के अंतर्गत अनिवार्य कोल्ड चेन स्टोरेज के जरूरी मानकों का उल्लंघन करने पर 31,700 से अधिक ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन जब्त किए। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने विशेष अभियान के अंतर्गत पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक औषधि प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां तापमान-संवेदनशील ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन निर्धारित 2 से 8 डिग्री सेल्सियस की जगह सामान्य कमरे के तापमान पर रखे पाए गए।

ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे भंडार को जब्त कर लिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और भंडारण से जुड़े मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। श्री सिंह ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्रग्स कंट्रोल विभाग को राजधानी में औचक निरीक्षण और विशेष अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।