जुलाई 9, 2026 6:24 अपराह्न

printer

दिल्ली :डीएमआरसी ने इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू किया

दिल्‍ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने आज सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन निर्माण स्थल पर इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। इस परियोजना के पहले चरण की शुरुआत सराय रोहिल्ला मेट्रो स्टेशन पर डायफ्राम वॉल निर्माण कार्य से की गई। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली मेट्रो केवल एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि विकसित दिल्ली की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राजधानी में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार नागरिकों को सुरक्षित, तेज, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

दिल्‍ली मेट्रो ने बताया कि लगभग 12 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में मैजेंटा लाइन पर 10 भूमिगत स्‍टेशन बनाए जाएंगे। इसके साथ ही, यह कॉरिडोर दिल्‍ली मेट्रो नेटवर्क की सात प्रमुख लाइनों से जुड़कर राजधानी की कनेक्टिविटी का विस्‍तार करेगा। कॉरिडोर का कार्य पूरा होने पर यह सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली सचिवालय, अरुण जेटली स्टेडियम, झंडेवालान मंदिर, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और सेंट्रल विस्टा एरिया जैसे महत्वपूर्ण स्थानों तक कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।

इस विस्तार के पूरा होने के बाद मैजेंटा लाइन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे लंबा कॉरिडोर बन जाएगी। यह कॉरिडोर बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक लगभग 89 किलोमीटर लंबा होगा और पूरी तरह ड्राइवरलेस मेट्रो सेवा के रूप में संचालित किया जाएगा।