अगस्त 20, 2026 7:30 अपराह्न

printer

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोती नगर में जन कौशल केंद्र और स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में जन कौशल केंद्र और स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। स्वयं स्वास्थ्य केंद्र एक आधुनिक स्वास्थ्य जांच केंद्र है, जहां लोगों को अपने क्षेत्र में ही सुलभ और समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। केंद्र मे सीबीसी, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और लिपिड प्रोफाइल के साथ कार्डियक प्रोफाइल, फीवर प्रोफाइल और डेंटल स्क्रीनिंग जैसी अन्य जांचें उपलब्ध होंगी। इसके अलावा ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल की जांच भी की जा सकेगी। जांच के परिणाम डिजिटल रूप से उपलब्ध होंगे और आवश्यकता पड़ने पर टेलीमेडिसिन के माध्यम से डॉक्टर से परामर्श भी लिया जा सकेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा एआई और डिजिटल तकनीकें रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व अवसर पैदा कर रही हैं। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि ऐसे में युवाओं को आत्मनिर्भर और ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने के लिए यह पहल एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जन कौशल केंद्र के माध्यम से हजारों युवाओं को एआई से जुड़ने और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता से नागरिकों को अपने आसपास ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच भी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार और सामाजिक संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है।