दिल्ली भाजपा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ संसद परिसर में कल धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
सुश्री स्वराज ने आरोप लगाया कि संसद परिसर के मकर द्वार के पास हुए प्रदर्शन के दौरान विपक्ष ने धार्मिक आस्था का मजाक उड़ाया, सनातन संस्कृति का अपमान किया और संत समाज का अनादर किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का इस्तेमाल किसी धर्म के पूजनीय प्रतीकों के अपमान के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शिकायत सार्वजनिक रूप से उपलब्ध ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों पर आधारित है, जिसके आधार पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से सी.सी.टी.वी. फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, मीडिया कवरेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की जिससे जांच के दौरान किसी भी तरह से साक्ष्यों को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की।