रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज टोक्यो में भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसे टू प्लस टू संवाद के नाम से भी जाना जाता है। बैठक में जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी भी शामिल होंगे।
इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने कल रायसीना टोक्यो 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में विश्वसनीय साझेदारी, आपूर्ति श्रृंखला में विविधता और राष्ट्रीय क्षमताओं को मजबूत करने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के मजबूत द्विपक्षीय संबंध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ एशिया और विश्व की बहुध्रुवीय व्यवस्था को मजबूत करेंगे।
डॉ. जयशंकर ने कल नई दिल्ली में आयोजित नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को वीडियो संदेश के माध्यम से भी संबोधित किया। उन्होंने भारत और जापान को स्वतंत्र, खुले और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में अनिवार्य सहयोग बताया। उन्होंने कहा कि विश्वास, सद्भावना और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित दोनों देशों की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी, दोनों देशों के साथ-साथ पूरे विश्व में शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देती है।