चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण बने कम दबाव के क्षेत्र के मध्य छत्तीसगढ़ से होकर उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने और आज शाम तक उत्तर-पूर्वी छत्तीसगढ़ तथा आस-पास के क्षेत्रों में और कमजोर होने की संभावना है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज बिहार में मूसलाधार वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बहुत तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। झारखंड और उत्तराखंड में भी तेज वर्षा की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली गरजने और ओलावृष्टि की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और मेघालय सहित कई अन्य राज्यों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इस बीच, दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।