नवम्बर 16, 2026 8:48 अपराह्न

printer

दक्षिणी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदला

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आज शाम दक्षिणी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदल गया है। विभाग के अनुसार, यह तूफान कल तक उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। 
 
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान शुक्रवार दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। डॉ. महापात्रा ने कहा कि तूफान से आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में व्यापक नुकसान हो सकता है।  
 
डॉ. महापात्र ने कहा कि तूफान की गंभीरता को देखते हुए मछुआरों और मत्स्य विभाग के अधिकारियों को मछली पकड़ने की गतिविधियां पूरी तरह बंद रखने की चेतावनी दी जा रही है। विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में बुधवार तक तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान जताया है।
 
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज रात आठ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 288 दर्ज किया गया।