अक्टूबर 27, 2026 2:15 अपराह्न

printer

चक्रवात अर्नब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है और इसके कल तट से टकराने की आशंका

चक्रवात अर्नब कल सुबह आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के पास, भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में तट से टकरा सकता है।
 
नई दिल्ली में संवाददाताओं को मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि तूफान के कारण बिजली तथा टेलीफोन सुविधाएं बाधित हो सकती हैं। मछुआरों को अगले दो दिन तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
 
इस बीच, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मोहसेन शहेदी ने आज कहा कि चक्रवात अर्नब का असर केवल तट से टकराने वाले क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है।
 
उन्होंने कहा कि अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान होने के कारण तट से टकराने के बाद इसका मार्ग बदल सकता है। छत्तीसगढ़ से आगे उत्तर प्रदेश के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के साथ बिहार भी प्रभावित हो सकता है। 
 
इस बीच, मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में कल तक मूसलाधार बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। उडीसा में भी आज मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी तेज बारिश की आशंका है।
 
अगले दो से तीन दिन के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, रायलसीमा, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, झारखंड, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में बिजली चमकने तथा तेज हवा चलने की संभावना है।
 
पूर्वोत्तर के राज्यों, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल और विदर्भ में भी कल तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।