दिल्ली की एक अदालत ने वर्ष 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में पुलिस गवाहों की बार-बार अनुपस्थिति और केस से जुड़े साक्ष्यों को समय पर अदालत में पेश नहीं किए जाने पर चिंता जताई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश परवीन सिंह ने इस मामले को दिल्ली पुलिस आयुक्त के संज्ञान में लाने का निर्देश दिया, ताकि सुनवाई के दौरान पुलिस गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि पिछली सुनवाई में भी इस मुद्दे पर चिंता जताई गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
अदालत दयालपुर क्षेत्र में वर्ष 2020 के दंगों से जुड़े उस मामले की सुनवाई कर रही थी, जिसमें कई लोगों पर दंगा करने, गैरकानूनी जमावड़ा करने और हिंसा में शामिल होने के आरोप हैं।