अक्टूबर 6, 2026 6:45 पूर्वाह्न

printer

अमरीका के कारोबारी नेताओं से वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने की मुलाकात

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमरीका के कारोबारी नेताओं से मुलाकात की और भारत में साझेदारी तथा निवेश को बढ़ावा देने के अवसरों पर चर्चा की। श्री गोयल ने कल न्यूयॉर्क में ब्लैकस्टोन के अध्यक्ष और मुख्य संचालन अधिकारी जोनाथन ग्रे, न्यूबर्गर बर्मन के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉर्ज वॉकर तथा द एस्टी लॉडर कंपनियों के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेफान डी ला फेवेरी से मुलाकात की।

श्री गोयल ने न्यूबर्गर बर्मन के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉर्ज वॉकर के साथ बैठक की। बैठक में कंपनी के न्यूबर्गर मार्केट्स के वैश्विक प्रमुख एंथनी टुट्रोन, मुख्य संचालन अधिकारी एंड्रयू कोमारॉफ और प्रबंध निदेशक ज़ैन नकी शामिल हुए।

श्री गोयल ने कहा कि मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद और पूंजी बाजारों के विस्तार के साथ भारत में वैश्विक निवेशकों के लिए बड़े अवसर और दीर्घकालिक मूल्य सृजन की संभावनाएं है। उन्होंने न्यूयॉर्क में द एस्टी लॉडर कंपनियों के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टेफान डी ला फेवेरी से भी मुलाकात की।

श्री गोयल जी-20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए अमरीका गए थे। उन्होंने शिकागो में भी अमरीका के व्‍यापारिक नेताओं से मुलाकात की और भारतीय समुदाय को संबोधित किया।