अक्टूबर 24, 2026 12:34 अपराह्न

printer

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने बर्लिन में भारतीय शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों से बातचीत की

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने जर्मनी के बर्लिन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने उनसे विकसित भारत के लिए योगदान देने का आह्वान किया। श्री गोयल ने शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों से अपने-अपने क्षेत्रों में काम जारी रखने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनके नवाचारों और स्टार्टअप पहलों को प्रमुख व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

श्री गोयल ने जर्मनी के चांसलर के आर्थिक और वित्तीय नीति सलाहकार तथा जी-7 और जी-20 में जर्मनी के शेरपा लेविन होले से भी मुलाकात की। इससे पहले श्री गोयल ने भारत और जर्मनी के बीच औद्योगिक सहयोग मजबूत करने पर चर्चा की। बातचीत में प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।