जुलाई 15, 2026 3:48 अपराह्न

printer

सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन ने श्री अमरनाथ के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने आज जम्‍मू में श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। महानिदेशक ने प्रमुख सुविधाओं का निरीक्षण किया और सीएपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य एजेंसियों के साथ उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ, महानिदेशक ने वार्षिक तीर्थयात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुरक्षा उपायों, चिकित्सा प्रतिक्रिया तंत्र, अग्नि सुरक्षा तैयारियों, तीर्थयात्री सुविधाओं, रसद और अंतर-एजेंसी समन्वय का व्यापक आकलन किया।

इस दौरान, महानिदेशक ने भगवती नगर बेस कैंप, संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष और तवी नदी तट का निरीक्षण किया। उन्होंने तैनात सुरक्षा कर्मियों और तीर्थयात्रियों से भी बातचीत की, जमीनी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और सभी हितधारक एजेंसियों के बीच परिचालन तत्परता, निरंतर सतर्कता और निर्बाध समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बाद में, श्री रंजन ने एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ), जम्मू और कश्मीर पुलिस, खुफिया ब्यूरो, भारतीय सेना और अन्य हितधारक एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।