मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में दुर्गा योजना के डिजिटल पोर्टल का शुभारंभ किया। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस योजना के माध्यम से महिला और ट्रांसजेंडर्स को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और चालक बनकर सम्मानजनक स्व-रोजगार हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में कुल 1,300 गुलाबी ऑटो आवंटित किए जाएंगे।
इनमें 1,170 ई-ऑटो महिला और 130 ई-ऑटो ट्रांसजेंडर्स के लिए निर्धारित किए गए हैं। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि योजना को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से लागू करने के लिए समर्पित डिजिटल पोर्टल विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया योजना की मंजूरी के बाद तीन महीने तक खुली रहेगी।
श्रीमती गुप्ता ने बताया कि यदि पोर्टल बंद होने के बाद किसी जिले में अंतिम रूप से प्राप्त पत्र आवेदनों की संख्या निर्धारित कोटे से अधिक होती है तो ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को आशय पत्र जारी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि योजना का लाभ लेने के लिए महिला आवेदकों की आयु 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए, साथ ही वे दिल्ली की निवासी होनी चाहिए। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि महिला कॉलेजों के आसपास भी दुर्गा ई-ऑटो के लिए स्टैण्ड बनाया जाए जिससे छात्राओं और अन्य महिला यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की अजीविका और सामाजिक आर्थिक स्थिति में होने वाले बदलावों का आकलन दो चरणों में किया जाएगा ताकि इसके वास्तविक प्रभावों को समझकर आगे की व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।