हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कचरा संग्रहण करने वाले सभी वाहनों को जीपीएस प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनकी नियमित निगरानी की जा सके। श्री सैनी ने आज हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ठोस कचरा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरे के संग्रहण पर जोर देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर लोगों का अधिक आवागमन रहता है, वहां विशेष रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। सड़कों की नियमित सफाई के साथ-साथ उनके किनारों पर वन विभाग द्वारा फूलदार और आकर्षक पौधों का रोपण भी कराया जाए।मुख्यमंत्री ने नगर निकायों में वार्ड समितियों की सक्रिय भागीदारी पर बल देते हुए उनके लिए समर्पित पोर्टल विकसित करने के निर्देश भी दिए, ताकि समिति के सदस्य और नागरिक अपनी समस्याएं तथा सुझाव सीधे साझा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले स्वच्छता पखवाड़े की तैयारियां अभी से शुरू करने तथा इसका विस्तृत कैलेंडर जारी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को त्रैमासिक आधार पर शहरी स्थानीय निकायों के वार्डों की स्वच्छता और कार्यप्रणाली की रैंकिंग तय करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्तूबर को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों और सफाई कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया जाए।