जुलाई 12, 2026 9:13 अपराह्न

printer

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने गुरुग्राम में ‘टावर ऑफ जस्टिस’ का उद्घाटन किया

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने आज गुरुग्राम में नवीन न्यायिक न्यायालय परिसर ‘टावर ऑफ़ जस्टिस’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह उपस्थित रहे। एक रिपोर्ट:

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि भविष्य की ज़रुरत को ध्यान में रखते हुए इस भवन को आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे न्याय मिलने की गति में तेज़ी आएगी। उन्होंने आगे बताया कि परिसर में महिला अधिवक्ताओं के लिए एक विशेष बार रूम भी बनाया गया है, जिससे उन्हें अपने कार्यों को करने में और अधिक सुविधा होगी।   

वहीं, श्री सैनी ने कहा कि यह भवन संविधान की मर्यादा, न्यायपालिका पर जनता के विश्वास और आधुनिक न्याय व्यवस्था का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह नया परिसर मामलों के त्वरित निपटारे में सहायक होगा तथा न्याय को आम नागरिक के लिए और अधिक सुलभ बनाएगा।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह भवन सुलभ, व्यवस्थित और आधुनिक न्याय व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नवीन न्यायालय परिसर नागरिकों को त्वरित और सुगम न्याय उपलब्ध कराने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

वहीं, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रिफार्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र को आत्मसात करते हुए भारत की न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुग्राम का टॉवर ऑफ जस्टिस न्यायिक इन्फ़्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती प्रदान करते हुए आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

इस न्‍यायालय परिसर के उद्घाटन से लोगों को समयबद्ध और त्‍वरित न्‍याय सुनिश्चित होगा। सक़लैन अख्तर के साथ, दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।