अगस्त 14, 2026 1:55 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आज मूसलाधार वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बिहार, पूर्वी राजस्थान, कोंकण, गोवा, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकाल में ऐसी ही स्थिति रहेगी।

इस बीच, विभाग ने आज अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, गांगेय पश्चिम बंगाल, आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकाल में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है।

पश्चिम बंगाल तट पर बना गहरा दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल के मैदानी गांगेय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है।

हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज से दक्षिण-पश्चिम मानसून फिर सक्रिय हो गया है। सुबह से कुछ इलाकों में तेज बारिश हो रही है। कई जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग ने केरलम् के छह जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तरी जिलों में बारिश की तीव्रता कल की तुलना में कम हुई है। अगले तीन दिनों तक राज्य में बारिश की कोई चेतावनी जारी होने की संभावना नहीं है।