कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि अमरीका के साथ बढ़ते व्यापारिक तनावों के बावजूद, उन्होंने हाल के दिनों में अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से यूक्रेन और ईरान में युद्ध जैसे वैश्विक मुद्दों पर कई बार बात की है। कैलगरी में पत्रकारों से बातचीत में श्री कार्नी ने कहा कि कनाडा और अमरीका को वैश्विक ऊर्जा और अनाज की आपूर्ति को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर सहयोग जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमरीका के साथ मुद्दों को अलग-अलग रखा जा सकता है।
श्री कार्नी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की की कनाडा यात्रा के दौरान यह बात कही। कनाडा ने यूक्रेन के लिए 2 अरब अमरीकी डॉलर से ज़्यादा की रक्षा और आर्थिक सहायता की घोषणा की। एक अरब डॉलर से ज़्यादा की राशि वायु सुरक्षा, पैट्रियट मिसाइलों, F-16 गोला-बारूद और संयुक्त ड्रोन उत्पादन पर खर्च की जाएगी। श्री ज़ेलेंस्की ने लगातार समर्थन के लिए कनाडा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों देश हमेशा दोस्त रहेंगे और एक-दूसरे को मज़बूत बनाएंगे।