अगस्त 8, 2026 3:52 अपराह्न | law and order situation in Punjab

printer

भाजपा ने पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा

भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के शासन में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है। पार्टी सांसद तरुण चुघ ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में दावा किया कि पंजाब में कानून व्यवस्था ‘वेंटिलेटर पर’ है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर, वकील, व्यापारी और अन्य लोग अपनी सुरक्षा के लिए माफियाओं को जबरन वसूली की रकम देने को मजबूर हैं।

श्री तरुण चुघ ने यह भी दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को भारी वित्तीय कर्ज में धकेल दिया है, जिससे राज्य का कर्ज 4 करोड़ 75 लाख रुपये तक पहुंचने की आशंका है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि पंजाब के लोग राज्य सरकार की नीतियों से व्यथित हैं।

भाजपा सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब में ‘अघोषित सेंसरशिप’ लागू है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार अखबारों में प्रकाशित होने वाली, और टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित होने वाली सामग्री को प्रभावित कर रही है। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रकाशित या प्रसारित होने वाली सामग्री के संबंध में निर्णय मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय से लिए जा रहे हैं।