भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर आज मेरठ पहुंचे। श्री नवीन आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर मेरठ और सहारनपुर यात्रा पर हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद श्री नवीन पहली बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश गए हैं।
इस दौरान उन्होंने बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया। श्री नवीन ने सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद में छात्र-छात्राओं से बातचीत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद थे।
श्री नवीन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल हुए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शक्ति केंद्र संयोजकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संगठन की बैठकों में बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक की तैयारियों की जानकारी ली गई। इन बैठकों में संगठन की स्थिति, आगामी चुनाव की तैयारियों और जमीनी स्तर से मिलने वाली प्रतिक्रियाओं पर चर्चा की गई। भाजपा की ओर से हाल में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और जिला प्रभारियों की नियुक्ति के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्री नवीन कल सहारनपुर में पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद वह दिल्ली लौटेंगे।