मई 24, 2026 9:03 अपराह्न

printer

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पहली कर्नाटक की यात्रा, कार्यकर्ताओं और विधायकों के साथ की कई बैठकें

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पहली बार कर्नाटक की यात्रा पर गये। इस दौरान उन्‍होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और विधायकों के साथ कई बैठकें की। बाद में कोर कमेटी की बैठक हुई।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सी.टी. रवि ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्‍य में आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा की। इन चुनावों में बेंगलुरु के पांच नगर निगमों के चुनाव, पंचायत चुनाव और अगले दो वर्षों में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी 22 राज्यों में सत्ता में है और उसके 400 से ज़्यादा सांसद और विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं में 2 हजार से ज़्यादा विधायक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से कर्नाटक में संगठन को मज़बूत करने का आग्रह किया गया है।

बाद में, संवाददाताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने तीन साल पहले सत्ता में आने के बाद से लोगों का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आपसी कलह और राज्य में जनता के मुद्दों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।