उत्तर प्रदेश सरकार, तीन-तलाक और एसिड हमलों से पीडि़त महिलाओं को, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ प्रदान करेगी। इन सभी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग तीन तलाक और एसिड हमलों से पीडि़त महिलाओं के साथ ही जरूरतमंद महिलाओं का विस्तृत डेटा एकत्र कर रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जा सके। सरकारी स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश और सरकारी आदेश तैयार करने की प्रक्रिया भी जारी है। महिला कल्याण विभाग प्रभावित महिलाओं का सत्यापित विवरण एकत्र कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया था कि तीन-तलाक या एसिड हमलों जैसी स्थितियों का सामना करने वाली और स्थायी आवास न रखने वाली महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए।