सितम्बर 20, 2026 4:52 अपराह्न

printer

बांग्लादेश: राजधानी ढाका में पुलिस ने अपराध रोधी कार्रवाई के तहत 527 लोगों को गिरफ्तार किया

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पुलिस ने पिछले 24 घंटों में एक बड़े अभियान के तहत 527 लोगों को गिरफ्तार किया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने इस नियमित अपराध रोधी कार्रवाई के दौरान अलग-अलग इलाकों से आरोपियों को पकड़ा है और इनके खिलाफ 55 मामले दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक बनाने की सामग्री और नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। बरामद सामानों में एक जिंदा देसी बम, 500 ग्राम बारूद, 250 ग्राम पेट्रोल, कीलें और विस्फोटक बनाने का दूसरा सामान शामिल है। इसके अलावा, पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई में 54 किलो से अधिक गांजा, 4,115 याबा टैबलेट, 21 ग्राम हेरोइन और कफ सिरप फेंसिडिल की 50 बोतलें भी बरामद की हैं।

छापेमारी के दौरान एक प्राइवेट कार, चाकू, धारदार हथियार और 14 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस को मौके से याबा टैबलेट बनाने वाली दो मशीनें, कई तरह के केमिकल, वनिला पाउडर और खाली बोतलें भी मिली हैं, जिनका इस्तेमाल मादक पदार्थ बनाने में किया जा रहा था। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दो पीड़ितों को सुरक्षित बचाया भी है।

पुलिस का कहना है कि ढाका में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला