नवम्बर 18, 2026 1:30 अपराह्न

printer

बांग्लादेश: कई जिलों में हिंसा, आगजनी और देसी बम विस्फोटों की घटनाएं तेज

बांग्लादेश में हिंसा, आगजनी और देसी बम विस्फोटों की घटनाएं एक बार फिर बढ़ गई हैं। ढाका, फरीदपुर, पिरोजपुर, गोपालगंज, गाजीपुर और कोमिला सहित कई जिलों में हिंसा की घटनाएं हुई हैं। आगजनी की विभिन्‍न घटनाओं में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई वाहनों, सरकारी इमारतों और राजनीतिक दलों से जुड़ी संपत्तियों में आग लगा दी गई।
 
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार रात फरीदपुर के भांगा उपजिला में सड़क जाम के दौरान आग से गंभीर रूप से झुलसने के कारण जातीयताबादी कृषक दल के स्थानीय नेता राजू मोल्ला की मौत हो गई। ढाका-बरिशाल राजमार्ग पर पुकुरिया इलाके में तीन मोटरसाइकिलों को भी आग लगा दी गई।
 
एक अन्य घटना में बुधवार तड़के पिरोजपुर के भंडारिया बस अड्डे पर उपद्रवियों ने खड़ी दो बसों में आग लगा दी। इस घटना में 25 वर्षीय बस सहायक मोहम्मद सियाम की जलकर मौत हो गई। आग लगने के समय वह बस के अंदर सो रहा था।
 
राजधानी ढाका के रामना, मोहम्मदपुर, जात्राबाड़ी, मोतीझील, मोहाखाली, खिलगांव और बनानी सहित कई इलाकों में देसी बम विस्फोट हुए। शहर में विभिन्‍न घटनाओं में चार बसों को आग लगा दी गई, जबकि यातायात पुलिस की एक चौकी पर पेट्रोल बम फेंका गया। गोपालगंज में पुलिस और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद तुंगीपारा पुलिस थाने और बीएनपी सांसद एस.एम. जिलानी के आवास में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई।
 
गाजीपुर में पूर्व मंत्री एकेएम मोजम्मेल हक के आवास में आग लगा दी गई। कोमिला में अवामी लीग के कार्यालय और पूर्व सांसद एकेएम बहाउद्दीन बहार के आवास पर भी हमला किया गया।बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच इन घटनाओं से कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में चिंता बढ़ गई हैं।