बांग्लादेश में कपड़ा कारखानों के श्रमिकों का ढाका, गाजीपुर और आशुलिया सहित कई औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी है। श्रमिक न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाने, काली सूची में डालने की प्रक्रिया समाप्त करने और बर्खास्त कर्मचारियों को फिर से काम पर रखने की मांग कर रहे हैं।
रविवार को हुए हिंसक प्रदर्शनों में झड़पें, तोड़फोड़ और सड़क जाम की घटनाएं हुई थीं। इस दौरान कई औद्योगिक क्षेत्रों में 529 कपड़ा कारखानों में अवकाश की घोषणा की गई थी।
इस बीच, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कल कपड़ा उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रमिकों के हितों की रक्षा के साथ उत्पादन और निर्यात का काम निर्बाध रूप से जारी रखा जाए।