बांग्लादेश ने आगामी शारदीय दुर्गा पूजा के लिए 5 दिनों की छुट्टी की घोषणा की है। आज यह घोषणा करते हुए बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार सहित कुल 5 दिनों की छुट्टी मिलेगी। गृह मंत्री ने यह घोषणा दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर आयोजित एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक के बाद की। उन्होंने कहा कि छुट्टी बढ़ाने का यह निर्णय हिंदू समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांगों के जवाब में लिया गया है।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान के निर्देशों के बाद, बांग्लादेश सरकार ने दुर्गा पूजा मंडपों के लिए आवंटन राशि को भी 4 करोड़ टका से बढ़ाकर 5 करोड़ टका कर दिया है। गृह मंत्री ने बताया कि पूरे बांग्लादेश में पूजा मंडपों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1500 से बढ़कर 33 हजार, 851 हो गई है।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय, संभागीय, जिला और उपजिला स्तरों पर सरकारी एजेंसियों को सुरक्षा सुनिश्चित करने और उत्सव के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरे उत्सव के दौरान पुलिस मुख्यालय के साथ-साथ संभागीय और जिला पुलिस स्तरों पर 24 घंटे निगरानी सेल भी काम करेंगे।