अक्टूबर 22, 2026 8:22 अपराह्न

printer

बलूच अमरीकन कांग्रेस ने बलूच परिवारों के विस्थापन के मामले में अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की

बलूच अमरीकन कांग्रेस के अध्यक्ष तारा चंद बलूच ने आज अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप करने और पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा बलूचिस्तान के कलात जिले से बलूच परिवारों को जबरन विस्थापित किए जाने पर रोक लगाने की अपील की।

तारा चंद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना और अधिकारी कलात के शोर पारोद क्षेत्र में बलूच परिवारों को उनके पैतृक घरों और गांवों को छोड़ने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

बलूच अमरीकन कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि बलूच लोगों को अपनी पैतृक भूमि पर शांति, सम्मान और सुरक्षा के साथ रहने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि निर्दोष परिवारों के इस तरह पीड़ित होने पर दुनिया को चुप नहीं रहना चाहिए।

उनका यह बयान बलूचिस्तान सरकार के उस आदेश के बाद आया है, जिसमें कलात के शोर पारोद क्षेत्र में लगभग पांच हजार परिवारों को 30 अक्टूबर तक अपने घर खाली करने को कहा गया है। सरकार ने चेतावनी दी है कि घर छोड़ने से इनकार करने वालों को बलपूर्वक हटाया जाएगा।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती की मंजूरी से तैयार इस विस्थापन योजना का पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले करीब 30 हजार लोगों पर असर पड़ने की आशंका है।