नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने मार्च 2026 के चुनावों में उनकी सरकार को मिले मजबूत जनादेश पर प्रधानमंत्री शाह को बधाई दी।
राष्ट्रपति ने कहा कि इस यात्रा के दौरान घोषित संयुक्त दृष्टि दस्तावेज दोनों देशों के लोगों, विशेष रूप से युवाओं की आकांक्षाओं को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह दस्तावेज व्यापार और निवेश, बुनियादी ढांचे, विकास साझेदारी, संपर्क, सांस्कृतिक और जन-संपर्क आदान-प्रदान के साथ-साथ स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे नए और उभरते क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग को स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत और नेपाल के विशिष्ट और बहुआयामी सम्बंध साझा सभ्यतागत विरासत तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे आत्मीय रिश्तों पर आधारित हैं।
उन्होंने भोटेकोशी क्षेत्र में बाढ़ से हुई जनहानि पर भी संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। भारत ने नेपाल को समय पर मानवीय सहायता तथा तकनीकी सहयोग दिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारत एक निकट सहयोगी के रूप में नेपाल के पुनर्वास और पुनर्निर्माण के प्रयासों में आगे भी सहयोग करता रहेगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन दोनों देशों के लिए एक साझा चुनौती है। उन्होंने पूर्व चेतावनी प्रणालियों और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।