चम्पी तूफान के ताइवान की ओर बढ़ने के कारण आज द्वीप के अधिकांश हिस्सों में जनजीवन ठप है। तूफान से तेज हवाएं चलने और तेज बारिश होने की आशंका है। हालांकि तूफान कमजोर पड़ गया है और इसके सीधे तट से टकराने की संभावना नहीं है, लेकिन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लगभग दो दिनों तक इसका असर द्वीप के बड़े हिस्से में रह सकता है।
ताइवान के मौसम विभाग के अनुसार तूफान के केंद्र के पास हवा की रफ्तार एक सौ 91 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। यह ताइवान के दक्षिणी छोर से लगभग 3 सौ 30 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। तूफान का प्रभाव लगभग 3 सौ 20 किलोमीटर के क्षेत्र में फैला हुआ है, जिससे द्वीप के अधिकांश हिस्से प्रभावित हो सकते हैं।
एहतियात के तौर पर द्वीप के बड़े हिस्से में बाजार, स्कूल और सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए हैं। परिवहन मंत्रालय ने आज निर्धारित सभी 2 सौ 62 घरेलू उड़ानें और 3 सौ 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चम्पी तूफान उत्तर-पूर्वी ताइवान के तट के पास से गुजरेगा। इसके बाद यह उत्तर की ओर चीन के तट की तरफ बढ़ेगा और बाद में दक्षिणी जापान की ओर रुख करेगा।