अरुणाचल प्रदेश में भारत-म्यामां सीमा पर स्थित पांगसाऊ दर्रे का सीमा हाट 6 साल बंद रहने के बाद आज फिर से खुल गया। नाम्पोंग के विधायक लैसम सिमाई ने बाजार का दौरा कर व्यापारियों और अधिकारियों से बातचीत की।
अधिकारियों ने बताया कि सीमा हाट हर महीने की 10, 20 और 30 तारीख को खुलेगा। उन्होंने कहा कि इस बाजार के फिर से खुलने से सीमा पार व्यापार को सुचारू बनाने, सीमावर्ती समुदायों के लिए आजीविका के अवसर सृजित करने और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की उम्मीद है।
श्री सिमाई ने लोगों से बाजार आने का आग्रह किया और आशा व्यक्त की कि इससे भारत और म्यामां के बीच मित्रता, व्यापार और आपसी संबंधों को और मजबूती मिलेगी।