आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट आर्थिक मामलों की समिति को राजामुंद्री के निदादवोलू और विशाखापत्तनम के दुव्वाडा रेलवे लाइन परियोजना को मंजूरी देने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में गोदावरी नदी पर करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबा रेल पुल भी शामिल है। इस पुल के बनने से रास्ते में भीड़ भाड़ कम होगी और यात्रा का समय भी घट जाएगा।
श्री नायडू ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाएगी, यात्रियों को लाभ पहुंचाएगी और माल ढुलाई में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे अन्नावरम, अंतर्वेदी और द्राक्षारामम जैसे प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा। साथ ही औद्योगिक विकास और बंदरगाह आधारित विकास को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को स्वर्णिम आंध्र और विकसित भारत के निर्माण में एक बेहतरीन कदम बताया है।