आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को अमरावती को आंध्र प्रदेश के लिए एक प्रमुख आर्थिक केंद्र और विकास इंजन के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। कल उन्होंने अमरावती स्थित राज्य सचिवालय में आंध्र प्रदेश राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (सीआरडीए) की 60वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि राजधानी में होने वाले सभी निर्माण कार्यों में तेलुगु संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखनी चाहिए। श्री नायडू ने अधिकारियों को अमरावती को विजयवाड़ा से जोड़ने वाले कृष्णा नदी पर एक प्रतिष्ठित पुल के निर्माण सहित राजधानी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में कई प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई, जिनमें क्वांटम वैली में ट्विन टावर्स के लिए एक हजार 208.41 करोड़ रुपये, सचिवालय, जीएडी और एचओडी टावरों के कार्यों के लिए 2,540 करोड़ रुपये और विधानसभा भवन में सिविल कार्यों के लिए 798 करोड़ रुपये शामिल हैं।
पिलानी स्थित बिरला प्रौद्योगिकी और विज्ञान संस्थान के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें अपने अमरावती परिसर की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 250 करोड़ रुपये के निवेश से तीन चरणों में यह परिसर बनाया जाएगा, जिसमें दस हजार विद्यार्थियों की क्षमता होगी।