अक्टूबर 2, 2026 1:41 अपराह्न

printer

वैश्विक शांति के लिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी के प्रयासों की सराहना की, गृह मंत्री ने इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया

गृह मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि वैश्विक शांति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक प्रयासों पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की और से की गई सराहना से प्रत्येक भारतीय को अपार गर्व महसूस होता है। श्री शाह ने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आया पुतिन का यह बयान दर्शाता है कि मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शांति के लिए एक विश्वसनीय आवाज बनकर उभरा है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा कि युद्धों, संघर्षों और अशांति से भरे दौर में मोदी ने यह संदेश दिया है कि समाधान युद्ध के मैदानों से नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति से निकलते हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने युद्ध हो या आपदा, हर स्थिति में हमेशा मदद और सहायता के लिए आगे कदम बढ़ाया है। गृह मंत्री ने कहा कि इससे भारत की शाश्वत वसुधैव कुटुंबकम परंपरा को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि इन्हीं कारणों से आज जब भी दुनिया किसी वैश्विक संकट का सामना करती है, भारत की आवाज का विशेष महत्व होता है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को ध्यान से सुना जाता है।