नवम्बर 2, 2026 11:22 पूर्वाह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में गायत्री परिवार के ‘शताब्दी समारोह 2026’ को किया संबोधित

गृह मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित ‘शताब्दी समारोह 2026’ को संबोधित किया। इसका आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार की परम वंदनीय माताजी के जन्म की 100वीं वर्षगांठ और अखंड ज्योति के प्रकटीकरण के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि अखंड ज्योति के प्रकटीकरण की 100वीं वर्षगांठ, वंदनीय माताजी के जन्म की 100वीं वर्षगांठ और पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना की 100वीं वर्षगांठ – इन तीनों पवित्र धाराओं का संगम इस वर्ष हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अपने अनुभव के आधार पर उनका मानना है कि गायत्री मंत्र पूर्ण रूपांतरण का मार्ग है। श्री शाह ने कहा कि गायत्री मंत्र के 24 अक्षर हमारे 24 शुभ बिंदुओं से सीधे जुड़े हुए हैं। गायत्री मंत्र के 24 अक्षरों को आधार मानकर और गुरु से इसके शुद्ध उच्चारण के संस्कार प्राप्त करके यदि हम अपने भीतर छिपी 24 शुभ शक्तियों को जागृत करते हैं तो हमारे भीतर विराजमान अशुभ शक्तियां दब जाती हैं और शुभ शक्तियां प्रकट होती हैं। उन्होंने कहा कि ये 24 शुभ शक्तियां 24 प्रकार के गुणों से जुड़ी हैं, जिनमें दूरदर्शिता, संयम, तपस्या, साहस, विवेक, बुद्धि, रक्षा, क्षमता, सेवा, स्फूर्ति, प्रेम, वीरता, एकाग्रता आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति में ये 24 शुभ गुण जागृत होते हैं, उसके लिए मोक्ष का मार्ग स्वतः खुल जाता है और ईश्वर उसे उस दिशा में अग्रसर करते हैं।