अक्टूबर 16, 2026 7:40 अपराह्न

printer

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच तेल आपूर्ति में भारत के प्रयासों ने देश की मदद की: IMF

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच वैश्विक ऊर्जा बाजारों में आए व्यवधानों से निपटने में तेल आपूर्ति में विविधता लाने के भारत के प्रयासों ने देश की मदद की है। हालांकि, इसने चेतावनी दी है कि ऊर्जा की कीमतों में लंबे समय तक वृद्धि से मुद्रास्फीति का दबाव बन सकता है। एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए क्षेत्रीय आर्थिक आउटलुक में, आईएमएफ ने कहा कि भारत, जापान और दक्षिण कोरिया सहित प्रमुख एशियाई अर्थव्यवस्थाओं ने पश्चिम एशिया के बाहर वैकल्पिक स्रोतों से तेल प्राप्त करके ऊर्जा बाजारों में व्यवधानों के अनुकूल खुद को ढाल लिया है, जिससे आपूर्ति को संघर्ष-पूर्व स्तर पर बहाल करने में मदद मिली है। 
 
 
आईएमएफ ने बताया कि संघर्ष के बाद कच्‍चे तेल की तुलना में रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों, विशेष रूप से डीजल और विमानन ईंधन की कीमतों में अधिक वृद्धि हुई है। इससे व्यवसायों के परिचालन लागत में वृद्धि हो सकती है और उपभोक्ताओं पर असर पड़ सकता है।
 
आईएमएफ ने कमजोर परिवारों की सुरक्षा के लिए सहायता उपायों की सिफारिश की है। साथ ही व्यापक ईंधन सब्सिडी और मूल्य नियंत्रण के खिलाफ चेतावनी दी, जिससे सरकारी वित्त पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। ऊर्जा बाजारों के अलावा, आईएमएफ ने ए.आई. में निवेश से जुड़ी अनिश्चितता और वैश्विक वित्तीय स्थितियों में सख्ती को क्षेत्रीय विकास के लिए जोखिम की आशंका वाले अन्‍य क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया है।