जून 15, 2026 9:09 अपराह्न

printer

सभी तेल शोधक संयंत्र पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ काम कर रहे हैं: सरकार

सरकार ने कहा है कि सभी तेल शोधक संयंत्र पर्याप्त कच्चे तेल के भंडार के साथ पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं और पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर आज नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी संवाददाता सम्‍मेलन में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि पिछले चार दिनों में एक करोड़ 84 लाख सिलेंडर वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी अवधि में लगभग 24 हजार 184 टन व्यावसायिक एलपीजी की बिक्री हुई है। संयुक्त सचिव ने इस बात पर ज़ोर दिया कि सरकार ने  औद्योगिक और वाणिज्यिक संस्‍थानों को खुदरा दुकानों से पेट्रोल और डीजल खरीदने पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है और उनसे कहा है कि वे अपनी ज़रूरतें अपने उपभोक्ता पंप से पूरी करें। सुश्री शर्मा ने बताया कि खुदरा दुकानों को निर्देश दिया गया है कि वे एक ग्राहक को प्रतिदिन अधिकतम 200 लीटर हाई स्पीड डीजल ही बेचें ताकि थोक खरीद को रोका जा सके, क्योंकि ऐसी दुकानों में असामान्य रूप से अधिक बिक्री देखी गई थी।

उर्वरक विभाग की संयुक्त सचिव वंदना प्रेयाशी ने कहा कि देश में उर्वरकों के स्टॉक की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि चालू खरीफ सीजन में अब तक किसानों ने कुल 102 लाख मीट्रिक टन से अधिक रासायनिक उर्वरक खरीदे हैं, जो कुल आवश्यकता का लगभग 27 प्रतिशत है।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि 62 हजार मीट्रिक टन से अधिक एलएनजी ले जाने वाले मालवाहक जहाज दिशा ने आज होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने अब तक तीन हजार से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है।