नौ लोगों को ले जा रहा एक लीयरजेट 60 व्यावसायिक विमान कल फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ और बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा हवाई अड्डे की ओर जा रहा था।
संघीय विमानन प्रशासन-एफएए ने कहा कि वह और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड- एनटीएसबी इस घटना की जांच करेंगे। सुरक्षा बोर्ड ने दुर्घटनास्थल पर एक जांच दल भेजा है। अधिकारियों ने अभी तक विमान में सवार नौ लोगों की स्थिति, घायलों और आसपास के घरों को हुए नुकसान की पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
पाम बीच काउंटी अग्निशमन दल ने क्रेस्टहेवन और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के बीच मिलिट्री ट्रेल को बंद करने की घोषणा की है और साथ ही निवासियों से उस क्षेत्र से बचने का आग्रह किया है।