पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में मार्शल द्वीप के झंडे वाले टैंकर एमटी वाल्थेरा पर हमला हुआ, जिससे जहाज में आग लग गई। टैंकर पर सवार सभी 11 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
श्री सोनोवाल ने बताया कि ओमान के सोहार एंकरिज में भारतीय नाविकों को ले जा रहे टैंकर एमटी पेट्रो डॉल्फिन पर ड्रोन से हमला किया गया। जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से नौ को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दो लापता हैं। स्थानीय तटरक्षक बल लापता भारतीयों की तलाश में जुटा है। सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और बचाव अभियान में हर संभव सहायता दी जा रही है।
इस बीच, विदेश मंत्रालय ने कल होर्मुज़ जलडमरूमध्य क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों की निंदा की है। मंत्रालय ने बताया कि मस्कट स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर रख रहा है। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इन हमलों से क्षेत्र में पहले से तनावपूर्ण स्थिति और बिगड़ने का खतरा है। भारत ने संघर्ष को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने तथा तनाव तत्काल कम करने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले बंद होने चाहिए। साथ ही, समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही और व्यापार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।