नवम्बर 7, 2026 8:24 अपराह्न

printer

यमन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत में हवाई हमला, 25 लोगों की मौत

यमन के दक्षिण-पश्चिमी तैज़ प्रांत में आज हुए हवाई हमलों में 25 लोग मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए। हूती स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-सबही ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हमले अल-वाज़िया जिले के एक बाजार को निशाना बनाकर किए गए थे। सऊदी समर्थित यमनी सेना और हूती विद्रोहियों ने इस घातक हमले की जिम्मेदारी को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं।

इस बीच, सऊदी अरब के सूचना मंत्रालय ने इन हमलों पर टिप्पणी के अनुरोधों का तुरंत जवाब नहीं दिया।

यह ताजा हमला यमन में नए सिरे से शुरू संघर्षों के बीच हुआ है। तैज़ प्रांत का अधिकांश हिस्सा हूती विद्रोहियों के नियंत्रण में है, जबकि विद्रोहियों ने प्रांतीय राजधानी के चारों ओर घेराबंदी कर रखी है। इस हिस्से में सऊदी समर्थित सरकार और उसकी सेनाएं तैनात हैं।