एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने आज 29वें वायु सेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह का स्थान लिया है, जो देश की 42 वर्षों तक सेवा करने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। वायु सेना प्रमुख का पद संभालने से पहले, श्री दीक्षित उप वायु सेना प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र हैं। 1986 में उन्हें भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। चार दशकों के अपने कॅरियर के दौरान, एयर चीफ को ऑपरेशंस, फ्लाइट टेस्टिंग, क्षमता विकास और जॉइंट स्टाफ असाइनमेंट्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ है। मंत्रालय के अनुसार, एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने जगुआर और मिग-27 अपग्रेड प्रोजेक्ट्स को अंतिम रूप देने में तथा एलसीए एमके-I तेजस के लिए प्रारंभिक परिचालन मंजूरी-आईओसी और अंतिम परिचालन मंजूरी-एफओसी की प्रक्रियाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके ऑपरेशनल कमांड असाइनमेंट्स में मिराज-2000 स्क्वाड्रन, पश्चिमी सेक्टर में एक ‘फॉरवर्ड बेस सपोर्ट यूनिट’ और भारतीय वायु सेना के प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस – ‘एयर फोर्स स्टेशन बीदर’ की कमान संभालना शामिल है।