स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स के 71वें स्थापना दिवस पर कहा कि एम्स की विशेष जिम्मेदारी देश में स्वास्थ्य सेवाओं की अगली पीढ़ी को दिशा देने और अन्य चिकित्सा संस्थानों का मार्गदर्शन करने की है।
सुश्री पटेल कहा कि एम्स को अपनी सेवाओं में लगातार सुधार करते हुए मरीजों की जरूरतों और अनुभवों के प्रति संवेदनशील बने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि एम्स ने वर्षों में करोड़ों लोगों का विश्वास हासिल किया है और इसे बनाए रखना संस्थान के हर सदस्य की साझा जिम्मेदारी है।
सुत्री पटेल ने कहा कि देश में स्वास्थ्य ढांचे का लगातार विस्तार हो रहा है और पिछले एक दशक में एम्स की संख्या भी बढ़ी है। सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज की दिशा में आगे बढ़ना है।
उन्होंने गैर-संचारी और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार पर बल दिया। सुश्री पटेल ने कहा कि देश की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार शोध को बढ़ावा देकर एम्स की सेवाओं पर करोड़ों लोगों के विश्वास को और मजबूत किया जाना चाहिए।