अक्टूबर 18, 2026 8:38 पूर्वाह्न

printer

अमरीका के राष्ट्रीय तूफान केंद्र के अनुसार, तूफान ट्रूडी मजबूत होकर श्रेणी-दो के तूफान में बदला

अमरीका के राष्ट्रीय तूफान केंद्र के अनुसार, तूफान ट्रूडी मजबूत होकर श्रेणी-दो के तूफान में बदल गया है। यह मेक्सिको के दक्षिण-पश्चिमी प्रशांत तट की ओर बढ़ रहा है। कोलिमा राज्य के मानज़ानिलो से जलिस्को राज्य के काबो कोरिएंटेस तक के तटीय क्षेत्रों के लिए तूफान की चेतावनी जारी की गई है। ट्रूडी की अधिकतम निरंतर हवा की गति 155 किलोमीटर प्रति घंटा है और यह 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

इस बीच, पश्चिमी प्रशांत महासागर में गुआम की ओर बढ़ रहा टाइफून चांपी तेज होकर श्रेणी-चार के तूफान में बदल गया है। गुआम और उत्तरी मारियाना द्वीप समूह के गवर्नरों ने राहत और बचाव उपायों के लिए संघीय सहायता तथा वित्तीय मदद प्राप्त करने के उद्देश्य से अमरीका की सरकार से आपातकालीन आपदा घोषणा जारी करने का अनुरोध किया है। इसके लिए अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड  ट्रम्प की मंजूरी आवश्यक है। यह दोनों क्षेत्र अप्रैल में आए सुपर टाइफून सिनलाकू और जुलाई में आए बावी से हुए नुकसान से अभी उबर रहे हैं।