ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि अमरीका के साथ टकराव का कोई सैन्य या प्रतिबंधों पर आधारित समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि तनाव खत्म करने का एकमात्र तरीका कूटनीति है। आज तेहरान में विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के राजदूतों और प्रतिनिधियों से बातचीत में श्री अराघची ने उम्मीद प्रकट की कि अमरीका समझदारी और तर्कसंगत ढंग से काम लेगा।
उन्होंने कहा कि यदि अमरीका सैन्य रास्ता चुनता है, तो ईरान पहले से कहीं अधिक तैयार है। श्री अराघची का यह बयान दोनों देशों के बीच टकराव और तनाव तथा ईरान पर बढ़ते आर्थिक दबाव के बीच आया है।
इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा। उन्होंने आशा प्रकट की कि टकराव खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में भारी गिरावट आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान गंभीर सैन्य और आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है।