नवम्बर 8, 2026 7:55 पूर्वाह्न

printer

जापान में 5.7 तीव्रता का भूकंप, कम से कम 22 लोग घायल

जापान के मध्य हिस्से में सुबह-सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के कारण दुकानों के शीशे टूट गए और लोग इमारतों से बाहर निकल आए। इस दौरान कम से कम 22 लोग घायल हुए हैं। जापान की मौसम एजेंसी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 5.7 मापी गई, जबकि अमरीकी एजेंसी ने इसकी तीव्रता 5.5 बताई है। भूकंप के बाद हल्के झटके भी महसूस किए गए। भूकंप का सबसे ज्यादा असर आइची प्रांत में देखा गया। इसका केंद्र शिजुओका प्रांत में जमीन से करीब 40 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का असर हमामात्सु, क्योटो, नारा और आसपास के इलाकों में भी महसूस किया गया। हालांकि, टोक्यो में इसके झटके महसूस नहीं हुए। जापान भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आता है।