राष्ट्रीय संचालन समिति ने पीएम सेतु योजना के अंतर्गत हरियाणा के कुरुक्षेत्र आईटीआई क्लस्टर के लिए 320 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। आई.टी.आई उन्नयन के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार परिवर्तन-पीएम सेतु योजना सरकार की प्रमुख पहल है। इसका उद्देश्य आधुनिक बुनियादी ढांचे, उद्योग आधारित पाठ्यक्रम और मजबूत औद्योगिक साझेदारी के माध्यम से व्यावसायिक प्रशिक्षण के स्तर को बेहतर बनाना है।
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने बताया कि इसके साथ ही पीएम सेतु योजना के अंतर्गत 10 आईटीआई क्लस्टरों के लिए स्वीकृत कुल राशि बढ़कर 2 हजार 491 करोड़ रुपये हो गई है। इससे औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप और उद्योग आधारित उत्कृष्टता केंद्रों में बदलने की सरकार की प्रतिबद्धता रेखांकित होती है।
कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि उद्योगों को आईटीआई के करीब लाने से युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मजबूत औद्योगिक साझेदारी के जरिए सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है कि युवाओं को देश की विकास यात्रा में सार्थक भागीदारी के लिए जरूरी कौशल, अनुभव और अवसर मिलें।