नवम्बर 7, 2026 6:45 अपराह्न

printer

बलूचिस्तान में सैन्य कार्रवाई के कारण माशवानी जनजाति के 300 परिवार घर छोड़ने पर मजबूर

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा जिले में सैन्य कार्रवाई के कारण माशवानी जनजाति के करीब 300 परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। विस्थापित परिवार बारिश और ठंड के बीच भोजन और आश्रय की कमी से जूझ रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में कई दिनों से तनाव और सैन्य गतिविधियां बढ़ने के बाद ये परिवार क्वेटा के दक्षिण-पश्चिम में पंजपाई के किल्ली मोहम्मद खेल इलाके में चले गए हैं।

खबरों में बताया गया है कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलाबारी और भारी हथियारों के इस्तेमाल से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े। विस्थापितों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं, जिन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच, पश्तूनख्वा नेशनल आवामी पार्टी ने लोगों को उनके पैतृक घरों से हटाए जाने की निंदा की है। पार्टी ने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें भोजन, आश्रय तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही विस्थापित परिवारों की सुरक्षित और सम्मानजनक घर वापसी के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।