सितम्बर 28, 2026 10:28 अपराह्न

printer

नई दिल्ली में भारत-फिजी द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक का आयोजन

भारत ने नई दिल्ली में आज हुई भारत-फिजी द्विपक्षीय संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक में स्वतंत्र, खुले, समावेशी और सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के अपने दृष्टिकोण में फिजी और प्रशांत द्वीप देशों के महत्व को दोहराया। बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और फिजी के रक्षा तथा पूर्व सैनिक मामलों के स्थायी सचिव मेसन स्मिथ ने की।

बैठक में सैन्य प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, सेनाओं के बीच सहयोग, समुद्री सुरक्षा, साइबर प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग में सहयोग और भारत तथा फिजी की सशस्त्र सेनाओं के बीच संस्थागत सहयोग बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए नियमित संवाद जारी रखने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने बढ़ते रक्षा संबंधों पर संतोष व्यक्त किया और पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।