सितम्बर 27, 2026 9:11 अपराह्न

printer

फिलीपींस में समुद्री सुरक्षा में सहयोग को लेकर आसियान रक्षा मंत्रियों की 23वीं बैठक संपन्‍न

फिलीपींस के सुबिक-बे में समुद्री सुरक्षा में सहयोग की गतिविधियों पर आसियान रक्षा मंत्रियों की 23वीं बैठक संपन्‍न हो गई। बैठक में सदस्‍य देशों के मंत्रियों के अलावा विशेषज्ञों ने भी भाग लिया। बैठक में भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस सह्याद्री और आईएनएस कुलिश के कमांडिंग ऑफिसर भी शामिल थे।

आसियान देशों के बीच नौसेनिक सहयोग की पांच दिन की गतिविधियों की मेजबानी फिलीपींस की नौसेना ने की और जापान ने सह-अध्यक्षता की। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इसमें शांति और सुरक्षा, आसियान नौसेना प्रमुखों की बैठक, समुद्री गतिविधियों के लिए दिशा-निर्देश, वरिष्ठ नौसैनिक नेतृत्व और समुद्री पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श हुआ।

भारतीय नौसैनिकों ने संचालन समन्वय, टेबलटॉप अभ्यास और प्रस्थान से पहले आयोजित सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। मंत्रालय ने कहा कि इस गतिविधि से भाग लेने वाले देशों के बीच पेशेवर संवाद और व्यावहारिक सहयोग मजबूत हुआ। भारत की भागीदारी ने एक्ट ईस्ट नीति और महासागर के अंतर्गत क्षेत्रीय साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।