सितम्बर 28, 2026 8:55 पूर्वाह्न

printer

नेपाल में 4 दिन से हो रही मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 21 लोगों की मौत

नेपाल में चार दिन से हो रही मूसलाधार बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग लापता और पांच अन्य घायल हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, सबसे अधिक 14 लोगों की मौत भूस्खलन से हुई है, जबकि पांच लोग लापता हैं। बाढ़ से चार और लगातार भारी बारिश से तीन लोगों की जान गई है।
 
खराब मौसम से देशभर में 247 परिवार प्रभावित हुए हैं। 260 मकान पूरी तरह नष्ट और 80 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। बंगाल की खाड़ी से बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण 24 से 27 सितंबर के बीच नेपाल के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।
 
जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए करीब तीन हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जाजरकोट, म्याग्दी और संखुवासभा जैसे सबसे अधिक प्रभावित पहाड़ी जिलों में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाला गया।
 
इस बीच, मध्य नेपाल में नारायणी नदी का जलस्तर नौ मीटर के चेतावनी स्तर को पार कर बस्तियों में पहुंच गया है, जिसके बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है। चितवन जाने वाले राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण बंद हैं।
 
वहीं, पड़ोसी बागलुंग जिले में भूस्खलन से चार और लोगों की मौत हुई है। मनांग जिले में हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप के पास हिमस्खलन के बाद दो शव बरामद किए गए हैं।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला