रूस ने कल रात यूक्रेन के कई क्षेत्रों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में चार बच्चों सहित 19 लोगों की मौत हो गई और करीब 60 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के अनुसार उत्तरी चेर्नीहिव क्षेत्र का प्रिलुकी सबसे अधिक प्रभावित हुआ। वहां एक अपार्टमेंट इमारत नष्ट हो गई। कीव और अन्य शहरों में भी लोगों के मारे जाने की खबर है।
राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने बड़े पैमाने पर जानबूझकर हमला किया है। उन्होंने कहा कि रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करने के लिए यूक्रेन को तत्काल और अधिक वायु रक्षा प्रणालियों, विशेष रूप से पैट्रियट मिसाइलों की जरूरत है।
रूस ने कहा कि उसकी सेनाओं ने यूक्रेन के रक्षा उद्योग के साथ बंदरगाह और जहाज मरम्मत सुविधाओं को निशाना बनाया। यूक्रेन ने भी रूस में लंबी दूरी के हमले जारी रखे हैं। इन हमलों में तेल प्रतिष्ठानों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है।